20.93 करोड़ रुपए की लागत से बनेगी पानी टंकी, चार वार्डों में बिछेगी 27 किमी पाइपलाइन
रायपुर, 14 जून 2026। उप मुख्यमंत्री तथा नगरीय प्रशासन एवं विकास मंत्री श्री अरुण साव ने आज रायपुर के खम्हारडीह क्षेत्र में बहुप्रतीक्षित 2500 किलोलीटर क्षमता की पानी टंकी निर्माण कार्य का भूमिपूजन किया। मुख्यमंत्री नगरोत्थान योजना के तहत लगभग 20 करोड़ 93 लाख रुपए की लागत से बनने वाली इस परियोजना से करीब 2500 घरों को नियमित एवं स्वच्छ पेयजल उपलब्ध होगा।
परियोजना के अंतर्गत वार्ड क्रमांक 9, 10, 30 और 31 में लगभग 25 किलोमीटर डिस्ट्रीब्यूशन पाइपलाइन तथा 2 किलोमीटर राइजिंग मेन पाइपलाइन बिछाई जाएगी। इसके पूर्ण होने के बाद इन क्षेत्रों की पेयजल व्यवस्था को स्थायी मजबूती मिलेगी।
भूमिपूजन कार्यक्रम में विधायक श्री सुनील सोनी, श्री पुरंदर मिश्रा तथा रायपुर की महापौर श्रीमती मीनल चौबे भी उपस्थित रहीं।
नागरिकों को पेयजल उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता : अरुण साव
उप मुख्यमंत्री श्री अरुण साव ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि नागरिकों को पर्याप्त और स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराना सरकार का प्राथमिक दायित्व है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय और महापौर श्रीमती मीनल चौबे के नेतृत्व में रायपुर का तेजी से विकास किया जा रहा है तथा राजधानी को आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि शहर के चारों विधायक और महापौर लगातार सक्रियता के साथ विकास कार्यों की स्वीकृति एवं क्रियान्वयन सुनिश्चित कर रहे हैं, जिससे नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध हो रही हैं।
खम्हारडीह की जल समस्या के समाधान की दिशा में बड़ा कदम
विधायक श्री पुरंदर मिश्रा ने कहा कि खम्हारडीह क्षेत्र में नई पानी टंकी निर्माण का जो वादा किया गया था, वह आज पूरा हो रहा है। उन्होंने कहा कि वर्तमान राज्य सरकार ने अपने ढाई वर्ष के कार्यकाल में विकास कार्यों की नई गति स्थापित की है।
वहीं महापौर श्रीमती मीनल चौबे ने इसे खम्हारडीह क्षेत्र की जल समस्या के स्थायी समाधान की दिशा में ऐतिहासिक कदम बताया। उन्होंने कहा कि यह परियोजना आने वाले वर्षों तक हजारों परिवारों को राहत प्रदान करेगी।
अनेक जनप्रतिनिधि रहे मौजूद
कार्यक्रम में राज्य नागरिक आपूर्ति निगम के अध्यक्ष श्री संजय श्रीवास्तव, रायपुर नगर निगम के जल कार्य विभाग के अध्यक्ष श्री संतोष सीमा साहू, जोन-3 अध्यक्ष श्रीमती साधना प्रमोद साहू, एमआईसी सदस्य श्री महेंद्र खोडियार, श्रीमती संजना संतोष हियाल, श्री अवतार भारती बागल, श्री अमर गिदवानी, जोन-5 अध्यक्ष श्री अम्बर अग्रवाल, श्री रमेश सिंह ठाकुर सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं पार्षद उपस्थित रहे।
इस परियोजना के पूरा होने से रायपुर के चार वार्डों में जलापूर्ति व्यवस्था को नई मजबूती मिलेगी और हजारों नागरिकों को बेहतर पेयजल सुविधा का लाभ मिलेगा।



