महाराणा प्रताप का जीवन साहस, स्वाभिमान और राष्ट्रभक्ति की अमर मिसाल : अरुण साव

राष्ट्र प्रथम की भावना से करें समाज और देश की सेवा : उप मुख्यमंत्री

महाराणा प्रताप की अष्टधातु प्रतिमा के लिए 20 लाख रुपये देने की घोषणा

लोरमी/रायपुर, 18 जून 2026। उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा है कि वीर महाराणा प्रताप का जीवन साहस, स्वाभिमान, राष्ट्रभक्ति और त्याग की अमर मिसाल है। उन्होंने विपरीत परिस्थितियों में भी अपने स्वाभिमान और राष्ट्र धर्म से कभी समझौता नहीं किया तथा मातृभूमि की रक्षा के लिए अपना सर्वस्व समर्पित कर दिया। उनका जीवन आज भी समाज और युवा पीढ़ी के लिए प्रेरणा का स्रोत बना हुआ है।

उप मुख्यमंत्री श्री साव लोरमी में सर्वोदय राजपूत राठौर क्षत्रिय समाज द्वारा आयोजित वीर महाराणा प्रताप जयंती समारोह को संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर उन्होंने महाराणा प्रताप की अष्टधातु प्रतिमा निर्माण के लिए 20 लाख रुपये की सहायता राशि देने की घोषणा की।

श्री साव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का मंत्र “राष्ट्र प्रथम” हम सभी के लिए मार्गदर्शक है। भारत त्याग, बलिदान और वीरता की भूमि है तथा इसकी गौरवशाली परंपराओं को बनाए रखना हम सभी का दायित्व है। उन्होंने कहा कि धर्म, संस्कृति और मातृभूमि की रक्षा के लिए समाज को संगठित रहना होगा।

उप मुख्यमंत्री ने राजपूत समाज के योगदान की सराहना करते हुए कहा कि समाज शिक्षा, खेल, प्रशासनिक सेवाओं और समाज सेवा के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य कर रहा है। उन्होंने युवाओं से महाराणा प्रताप के आदर्शों से प्रेरणा लेकर राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।

कार्यक्रम के दौरान श्री साव ने उत्कृष्ट कार्य करने वाले शिक्षकों, डॉक्टरों, खेल प्रशिक्षकों, खिलाड़ियों, पूर्व सैनिकों, समाजसेवियों और गौसेवकों का सम्मान किया। साथ ही कक्षा 10वीं और 12वीं बोर्ड परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को भी सम्मानित किया गया।

समारोह के अंतर्गत आयोजित रक्तदान शिविर में 55 लोगों ने रक्तदान कर मानव सेवा का संदेश दिया। उप मुख्यमंत्री ने रक्तदाताओं का सम्मान करते हुए उनके योगदान की सराहना की।

इस अवसर पर अखिल भारतीय घर वापसी अभियान के प्रमुख प्रबल प्रताप सिंह जूदेव, राजपूत समाज लोरमी के अध्यक्ष भीषम सिंह राजपूत, उपाध्यक्ष राम निवास राजपूत, सर्व क्षत्रिय राजपूत महासंघ के अध्यक्ष जितेंद्र कुमार सिंह, लोरमी जनपद पंचायत अध्यक्ष वर्षा सिंह, लोरमी नगर पालिका अध्यक्ष सुजीत वर्मा, रतनपुर नगर पालिका अध्यक्ष लवकुश कश्यप सहित राजपूत समाज के पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *