छत्तीसगढ़ में मौसम का कहर: रायगढ़ में दीवार गिरने से गर्भवती महिला की मौत, धमतरी में आकाशीय बिजली से 40 मवेशियों की मौत

प्रदेश में अगले तीन दिनों तक बारिश के आसार, मौसम विभाग ने जारी किया अलर्ट

रायपुर, 18 जून 2026। छत्तीसगढ़ में मौसम के बदले मिजाज ने जनजीवन पर असर डालना शुरू कर दिया है। प्रदेश के अलग-अलग जिलों से प्राकृतिक हादसों की खबरें सामने आई हैं। रायगढ़ में आंधी-तूफान के दौरान एक दर्दनाक हादसे में गर्भवती महिला की मौत हो गई, वहीं धमतरी जिले में आकाशीय बिजली गिरने से 40 मवेशियों की जान चली गई।

रायगढ़ में दीवार गिरने से गर्भवती महिला की मौत

रायगढ़ जिले में तेज आंधी-तूफान के कारण महालक्ष्मी कास्टिंग की एक दीवार लेबर क्वार्टर पर गिर गई। हादसे में एक गर्भवती महिला की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं उसका पति और अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है।

इधर रायगढ़ नगर निगम ने सड़क पर निर्माण सामग्री रखकर यातायात में बाधा उत्पन्न करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की है। निगम ने 11 हजार रुपये का जुर्माना वसूला तथा 5 ट्रैक्टर-ट्रॉली निर्माण सामग्री जब्त की है।

धमतरी में गाज गिरने से 40 मवेशियों की मौत

धमतरी जिले में आकाशीय बिजली गिरने से बड़ा नुकसान हुआ है। जिले के एक क्षेत्र में गाज गिरने की घटना में 40 मवेशियों की मौत हो गई। प्रशासन द्वारा नुकसान का आकलन किया जा रहा है तथा प्रभावित पशुपालकों को आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

प्रदेश में मानसून की दस्तक का इंतजार

मौसम विभाग के अनुसार इस वर्ष छत्तीसगढ़ में मानसून की रफ्तार सामान्य से थोड़ी धीमी है। हालांकि प्रदेश में मौसम अनुकूल बना हुआ है और अगले तीन दिनों तक कई जिलों में बारिश होने की संभावना जताई गई है। विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सावधानी बरतने और आकाशीय बिजली के समय खुले स्थानों में नहीं रहने की सलाह दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *