ईस्टर्न स्लैम 2026: रायपुर में जुटेंगे एशिया के स्क्वैश सितारे, देश के दिग्गज तकनीकी अधिकारी संभालेंगे कमान

रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर एक बार फिर अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजन की मेजबानी के लिए तैयार है। छत्तीसगढ़ स्क्वैश एसोसिएशन (CSA) द्वारा स्क्वैश रैकेट्स फेडरेशन ऑफ इंडिया (SRFI) एवं एशियन स्क्वैश फेडरेशन (ASF) की मान्यता के तहत प्रतिष्ठित “ईस्टर्न स्लैम 2026” का आयोजन 22 से 27 जून 2026 तक बुढ़ापारा स्थित स्क्वैश कॉम्प्लेक्स में किया जाएगा।

अंतरराष्ट्रीय स्तर के इस PSA, ASF एवं SRFI सैटेलाइट टूर्नामेंट में भारत और सिंगापुर सहित विभिन्न देशों के जूनियर एवं सीनियर वर्ग के खिलाड़ी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। प्रतियोगिता को विश्वस्तरीय मानकों के अनुरूप संचालित करने के लिए देश के अनुभवी एवं प्रमाणित तकनीकी अधिकारियों की टीम रायपुर पहुंचेगी।

डॉ. विष्णु कुमार श्रीवास्तव के नेतृत्व में होगा आयोजन

टूर्नामेंट के चैंपियनशिप चेयरमैन एवं छत्तीसगढ़ स्क्वैश एसोसिएशन के संस्थापक डॉ. विष्णु कुमार श्रीवास्तव आयोजन का नेतृत्व करेंगे। वर्ष 2001 में राज्य में स्क्वैश की नींव रखने वाले डॉ. श्रीवास्तव विश्व कप चेन्नई में ज्यूरी सदस्य, सैफ गेम्स गुवाहाटी में निर्णायक अधिकारी, WSF लेवल-1 कोच एवं WSO लेवल-2 अधिकारी के रूप में अपनी सेवाएं दे चुके हैं।

चैंपियनशिप के वाइस चेयरमैन के रूप में छत्तीसगढ़ स्क्वैश एसोसिएशन के उपाध्यक्ष एवं रायपुर जिला स्क्वैश एसोसिएशन के अध्यक्ष डॉ. मनोज कुमार अग्रवाल महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।

वहीं, भारत के प्रतिष्ठित स्क्वैश विशेषज्ञ एवं ईस्ट जोन कोचिंग निदेशक गौतम दास को टूर्नामेंट डायरेक्टर की जिम्मेदारी सौंपी गई है। उन्होंने कॉमनवेल्थ गेम्स, वर्ल्ड टीम चैंपियनशिप और एशियन डबल्स चैंपियनशिप में भारतीय टीम का सफल मार्गदर्शन किया है।

राहुल साहू निभाएंगे समन्वयक की भूमिका

WSO लेवल-2 प्रमाणित रेफरी एवं राष्ट्रीय तकनीकी अधिकारी (NTO) राहुल साहू इस आयोजन में चैंपियनशिप कोऑर्डिनेटर की भूमिका निभाएंगे। उन्हें नेशनल गेम्स और खेलो इंडिया जैसे प्रतिष्ठित आयोजनों का अनुभव प्राप्त है।

अंतरराष्ट्रीय स्तर के रेफरी करेंगे मैच संचालन

प्रतियोगिता के निष्पक्ष और तकनीकी रूप से सुदृढ़ संचालन के लिए देश के अनुभवी रेफरी नियुक्त किए गए हैं।

मुख्य रेफरी के रूप में डॉ. मोहम्मद साबिर जिम्मेदारी संभालेंगे। वे WSO लेवल-3 रेफरी हैं और विश्व जूनियर स्क्वैश चैंपियनशिप तथा दक्षिण एशियाई खेलों में ऑफिशिएटिंग कर चुके हैं।

इसके अलावा असम के दीक्षांत कश्यप देव शर्मा, उत्तर प्रदेश के नसीमुद्दीन, हसन रजा, चंडीगढ़ की पारुल और उत्तर प्रदेश की खुशबू भी टूर्नामेंट में तकनीकी अधिकारी के रूप में सेवाएं देंगी। इन अधिकारियों को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में मैच संचालन का व्यापक अनुभव है।

मेजबान छत्तीसगढ़ के अधिकारी भी निभाएंगे अहम भूमिका

मेजबान राज्य की ओर से केशव कुमार जलक्षत्री, प्रशांत पांचे और श्रेयांश लाल तकनीकी अधिकारियों की टीम में शामिल रहेंगे। इन सभी अधिकारियों ने नेशनल गेम्स, खेलो इंडिया और विभिन्न राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में सफलतापूर्वक रेफरी की भूमिका निभाई है।

छत्तीसगढ़ के लिए ऐतिहासिक अवसर

आयोजकों के अनुसार SRFI, ASF और WSF के निर्धारित तकनीकी मानकों के अनुरूप आयोजित होने वाला यह टूर्नामेंट छत्तीसगढ़ में स्क्वैश खेल के विकास की दिशा में एक ऐतिहासिक उपलब्धि साबित होगा।

प्रतियोगिता न केवल राज्य के खिलाड़ियों को अंतरराष्ट्रीय स्तर का मंच प्रदान करेगी, बल्कि रायपुर को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय खेल मानचित्र पर और अधिक मजबूती से स्थापित करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

“एक कोर्ट, एक जुनून, अनंत गौरव” की थीम पर आयोजित यह चैंपियनशिप राज्य में स्क्वैश खेल के नए अध्याय की शुरुआत मानी जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *